खैरथल-तिजारा जिले की ततारपुर थाना पुलिस ने बंद कबाड़ की दुकान से चोरी हुए ताबें और पीतल की चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने सेंधमार गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल और वारदात में काम में ली गई बाइक बरामद की है। थानाधिकारी महावीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया- 11 जुलाई को ततारपुर निवासी मनमोहन ने रिपोर्ट दी थी। उसने बताया कि 5 जुलाई की रात उसकी विनायक ट्रेडर्स नामक कबाड़ की दुकान से अज्ञात चोरों ने करीब 300 किलोग्राम तांबा और 800 किलो पीतल चोरी कर लिया था। पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी, हरियाणा से किया गिरफ्तार मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। टीम ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इसी के तहत आरोपी सुनील (35) निवासी रेवाड़ी (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया। चोरी का माल और बाइक बरामद पूछताछ में आरोपी सुनील ने चोरी की वारदात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का पूरा तांबा-पीतल और वारदात में काम में ली गई बाइक बरामद कर दी। आरोपी चोरी का माल बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही दबोच लिया। जांच के दौरान वारदात में शामिल आरोपी के साथी सायर निवासी हमीरपुर की पहचान भी हो गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी महावीर सिंह के साथ हेड कॉन्स्टेबल सत्यपाल, कॉन्स्टेबल बजरंगलाल और कॉन्स्टेबल राजवीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
