भारत सरकार के भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने डूंगरपुर जिले में अपना पहला सरकारी आधार सेवा केंद्र शुरू किया है। इसका उद्देश्य आधार सेवाओं को अधिक सुलभ और आसान बनाना है। UIDAI के डिप्टी डायरेक्टर जनरल अविनाश अग्रवाल ने इस केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र पर नया आधार बनवाने, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर और पता संशोधन सहित आधार से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाएं एक ही छत के नीचे निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध होंगी। इससे नागरिकों को विभिन्न कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। डूंगरपुर शहर के नवाडेरा मार्ग पर स्थित इस केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर UIDAI और डूंगरपुर DOIT के अधिकारी मौजूद रहे। एक बच्चे का आधार कार्ड बनाकर इस सेवा केंद्र की औपचारिक शुरुआत की गई। UIDAI के डिप्टी डायरेक्टर जनरल अविनाश अग्रवाल ने बताया कि केंद्र पर चार ऑपरेटर तैनात किए गए हैं, जिससे काम में तेजी आएगी और लोगों को कम इंतजार करना पड़ेगा। भीड़ से बचने और समय बचाने के लिए ऑनलाइन टोकन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिक घर बैठे अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं और निर्धारित समय पर आकर बिना कतार में लगे अपना काम करवा सकते हैं। केंद्र पर बायोमेट्रिक अपडेट, डेमोग्राफिक अपडेट और आधार प्रिंट जैसी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। नियमानुसार, 5 साल और 18 साल की उम्र से पहले बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा और शिकायतों के निवारण के लिए UIDAI की ओर से एक सेंटर मैनेजर और सर्विस प्रोवाइडर की ओर से एक ऑपरेशन मैनेजर हमेशा उपलब्ध रहेंगे। इस केंद्र के खुलने से डूंगरपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी राहत मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

You missed