उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में पेसिफिक हॉस्पिटल भीलों का बेदला के सामने एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। डंपर के आगे वाले टायर के नीचे बाइक आ गई। बाइक सवार का एक पैर कुचल गया। जिससे रोड पर काफी खून बह गया। आसपास राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां से परिजन उसे इलाज के लिए अहमदाबाद ले गए। मौके से डंपर चालक फरार हो गया। हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ, जब उदयपुर की तरफ से डंपर गोगुंदा की तरफ जा रहा था। तभी उसने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। टक्कर मारते ही खराब हुआ डंपर, मैकेनिक बुलाकर चालू कराया
हादसे के बाद डंपर खराब हो गया। तब तक बाइक डंपर के आगे की टायर के नीचे फंसी रही। हादसे के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए हाईवे जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से डंपर साइड कराया और मैकेनिक बुलाकर डंपर स्टार्ट कराया। इसके बाद क्षतिग्रस्त बाइक और डंपर को थाने ले जाकर खड़ा किया। पुलिस का कहना है कि परिजनों से रिपोर्ट लेने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।
