अजमेर जिले में ट्रक ने तीन कांवड़ियों को कुचल दिया। दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों अलग-अलग बाइक पर पुष्कर कांवड़ लेकर घर लौट रहे थे। टॉयलेट करने के लिए सड़क किनारे रुके, इसी दौरान ट्रक ने तीनों को कुचल दिया। उनके एक साथी ने तीनों को तुरंत नसीराबाद राजकीय हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, गंभीर घायल युवक को जेएलएन हॉस्पिटल रेफर कर दिया। हादसा नेशनल हाईवे- 48 पर ग्राम झड़वासा के पास सोमवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। मृतक राहुल (38) डेयरी चलाता था, जबकि संपत्त रावत (42) वेल्डिंग का काम करता था। घायल सचिन हॉस्पिटल में भर्ती है। राहुल के पिता ओमप्रकाश जैन टांटोटी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन थे। राहुल की पत्नी कविता गर्भवती है। तीन साल की एक बेटी है। ग्राम भवानीपुरा निवासी किशनलाल रावत पुत्र जगला ने नसीराबाद सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें बताया- मैं और राहुल जैन पुत्र ओमप्रकाश, संपत्त रावत और सचिन अलग-अलग बाइक पर टांटोटी जा रहे थे। ग्राम झड़वासा के पास टॉयलेट के लिए सड़क के साइड में रुके, इसी दौरान नसीराबाद की ओर से आए एक ट्रक ने राहुल, संपत्त और सचिन को टक्कर मार दी। हादसे में राहुल और संपत्त की मौके पर ही मौत हो गई। सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जेएलएन अस्पताल में किया रेफर नसीराबाद सदर थाना प्रभारी राधेश्याम चौधरी ने बताया- सूचना मिलने पर थाना पुलिस राजकीय अस्पताल नसीराबाद पहुंची। हादसे में मारे गए राहुल जैन और संपत्त रावत के शव पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए। वहीं दुर्घटना में गंभीर घायल ग्राम भवानीपुरा निवासी सचिन रावत को प्राथमिक इलाज के बाद जेएलएन अस्पताल अजमेर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
