रैंप पर खूबसूरती का जलवा बिखेरने से पहले राजस्थान की 28 प्रतिभाशाली युवतियों ने अपने हुनर से सभी को प्रभावित किया। फ्यूजन ग्रुप की ओर से आयोजित मिस राजस्थान 2026 के टैलेंट राउंड में मॉडल्स ने यह साबित कर दिया कि मिस राजस्थान केवल ग्लैमर का मंच नहीं, बल्कि प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का भी उत्सव है। सीकर रोड स्थित आर. चंद्रा पैलेस में आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में टॉप-28 फाइनलिस्ट ने अपनी-अपनी कला का ऐसा प्रदर्शन किया कि निर्णायकों के साथ मौजूद दर्शक भी मंत्रमुग्ध हो गए। किसी ने शास्त्रीय और वेस्टर्न डांस की मनमोहक प्रस्तुति दी, किसी ने मधुर गायन से समां बांधा। हर प्रतिभागी अपने हुनर के साथ मंच पर उतरी कई प्रतिभागियों ने अभिनय के जरिए भावनाओं को मंच पर जीवंत कर दिया, तो किसी ने अपनी पेंटिंग और रचनात्मक कला से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। हर प्रतिभागी अपने हुनर के साथ मंच पर उतरी और पूरे आत्मविश्वास के साथ खुद को साबित करने का प्रयास करती नजर आई। कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिले। कई प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उनके माता-पिता और परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। मंच पर बेटियों का प्रदर्शन देखकर अभिभावकों के चेहरे पर गर्व साफ दिखाई दे रहा था। पूरे सभागार में तालियों की गूंज और प्रतिभागियों का आत्मविश्वास इस आयोजन को यादगार बना गया। पहले देखिए, इवेंट के फोटोज
अब ग्रैंड फिनाले की ओर बढ़ रही टॉप-28 फाइनलिस्ट आयोजक योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने बताया कि मिस राजस्थान देश का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित, भारत सरकार से पंजीकृत ब्यूटी पेजेंट है। यहां से हर वर्ष कई प्रतिभागी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होकर राजस्थान का नाम रोशन करती है। इस वर्ष प्रदेशभर से लगभग 6500 प्रतिभागियों ने आवेदन किया था, जिनमें से चयनित टॉप-28 फाइनलिस्ट अब ग्रैंड फिनाले की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि फिनाले वीक के तहत 26 और 27 जून को आर. चंद्रा पैलेस, 28 जून से 1 जुलाई तक हैवा हेवन (जामडोली) और 2 से 4 जुलाई तक होटल पार्क ओशन में ग्रूमिंग, ट्रेनिंग, फोटोशूट, सब-टाइटल प्रतियोगिताएं और विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके बाद 4 जुलाई की शाम बी.एम. बिड़ला ऑडिटोरियम में ग्रैंड फिनाले होगा। फिनाले में जयपुर की प्रसिद्ध डिजाइनर माधुरी चेतवानी (ड्रेसजीला) का रॉयल कलेक्शन, जेकेजे फैशन का ब्राइडल कलेक्शन, शिव ज्वेलर्स की पारंपरिक राजस्थानी ज्वेलरी और परम्परा द ज्वैल्स की डायमंड ज्वेलरी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। टैलेंट राउंड का जजमेंट मिस राजस्थान की डायरेक्टर एकता जैन, जीएम नवल शेखावत, आलोक शर्मा, संदीप जैन, रविंद्र सिंह, वासु जैन, डॉ. ऋतु अग्रवाल, डॉ. विवेक रूंगटा, मंजीत सिंह और हुकुम सिंह ने किया। प्रतिभागियों से किसी प्रकार का नहीं लिया जाता शुल्क कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुकेश सैनी ने कहा कि आज के दौर में इतनी विविध प्रतिभाओं को एक मंच पर देखना बेहद सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि मिस राजस्थान का सबसे सराहनीय पहलू यह है कि इसमें प्रतिभागियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता और उन्हें एक महीने तक प्रोफेशनल ग्रूमिंग एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
