बिजली निगम की ओर से शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को हासिल करने के लिए झुंझुनूं जिले में चलाए जा रहे विशेष बकाया राजस्व वसूली अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। अभियान के तहत निगम की टीमों ने एक ही दिन में कार्रवाई करते हुए 100 बड़े बकायादारों के बिजली कनेक्शन काट दिए, जिन पर कुल 11.95 लाख रुपए का बकाया था। इसके साथ ही, सख्त रुख अपनाते हुए 3,146 उपभोक्ताओं से कुल 1 करोड़ 14 लाख 76 हजार रुपए से अधिक का बकाया राजस्व भी वसूल किया गया। एक दिन में कटे 100 कनेक्शन
जिले के सभी उपखंड कार्यालयों द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए 30 जुलाई को ऐसे 100 उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित(डिस्कनेक्ट) किए गए, जिन्होंने लंबे समय से अपने बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया था। इन कनेक्शनों पर कुल 11.95 लाख रुपए की राशि बकाया थी। करोड़ों रुपए की राजस्व वसूली
अभियान के दौरान निगम की टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए जिलेभर में कुल 3,146 बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क किया और उनसे 1 करोड़ 14 लाख 76 हजार रुपये की बकाया राशि मौके पर ही वसूल की। आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
झुंझुनूं के अधीक्षण अभियंता विरेन्द्र कुमार खीचड़ ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जो उपभोक्ता अभी भी अपने बकाया बिलों का भुगतान नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे उपभोक्ताओं के न सिर्फ कनेक्शन काटे जाएंगे, बल्कि उनके बिजली मीटर और सर्विस लाइन भी स्थायी रूप से हटा दिए जाएंगे। बिजली उपभोक्ताओं से अपील
बिजली निगम के अधिकारियों ने जिले के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपने बकाए बिजली बिलों का समय पर भुगतान करें। समय पर भुगतान करने से उपभोक्ता बिजली कनेक्शन कटने और अन्य कानूनी कार्रवाइयों से बच सकते हैं, साथ ही वे बिना किसी बाधा के निरंतर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
झुंझुनूं में 100 बड़े बकायादारों के बिजली कनेक्शन काटे:1.14 करोड़ रुपए से ज्यादा की बकाया राशि वसूली
