ऑनलाइन ट्रेडिंग और शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर एक डॉक्टर से 8.51 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। झुंझुनूं पुलिस ने महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों ने झुंझुनूं निवासी डॉ. नवीन प्रकाश बंसल को ऑनलाइन ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश पर कम समय में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। ठगों के झांसे में आकर डॉक्टर ने अलग-अलग किस्तों में कुल 8 लाख 51 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खातों में ट्रांसफर कर दिए। काफी समय तक न तो निवेश पर कोई रिटर्न मिला और न ही आरोपियों से संपर्क हो सका। इसके बाद डॉक्टर को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने झुंझुनूं साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। महाराष्ट्र से पकड़े गए आरोपी
एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने बताया कि एएसपी फूलचंद मीणा के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया। साइबर थानाधिकारी रामखिलाड़ी मीणा के सुपरविजन और एसआई गोपाल लाल के नेतृत्व में टीम ने कॉल डिटेल, बैंक खातों की ट्रेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों की लोकेशन महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने वहां दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद शेख नसीर (47) निवासी सोनारगांव, थाना जानेफल, संदीप लठाड़ (33) निवासी दुर्गबोरी, थाना डोणगांव और राहुल सुरदास मेहेत्रे (41) निवासी लोणी गवली, थाना डोणगांव, जिला बुलढाणा (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने देश के अन्य राज्यों में कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
