झालावाड़ पीजी कॉलेज में बीए, बीकॉम और बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। शनिवार को आवेदन की अंतिम तिथि रही, जिसके कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण छात्र आवेदन नहीं कर पाए। इसे देखते हुए छात्र संगठनों ने प्रवेश तिथि बढ़ाने और सीटों में वृद्धि की मांग की है। इसी क्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की खानपुर इकाई ने शनिवार को कॉलेज आयुक्तालय जयपुर के नाम प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा। इसमें प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने और विभिन्न संकायों में सीटें बढ़ाने की मांग की गई। ग्रामीण छात्र-छात्राएं रह गए वंचित
कॉलेज इकाई अध्यक्ष आकाश नागर ने बताया कि कॉलेज में प्रवेश के लिए सीटें सीमित हैं और आवेदन की अवधि भी कम रही है। इसके कारण कई विद्यार्थी प्रवेश से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के कई छात्र-छात्राएं अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, इसलिए विद्यार्थियों के हित में प्रवेश तिथि बढ़ाई जानी चाहिए। सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर मंत्री राहुल गौतम, वरिष्ठ छात्र नेता पुष्पेंद्र सिंह राजावत, सह मंत्री गणेश गुर्जर, अक्षरा जैन, दुष्यंत बिरला, चेतन मीणा, कुलदीप सैनी, तनवीर सिंह, अंशु सिंह, वैभव गौतम, कुशराज पारीक, गौरव मीणा, सूरज सुमन सहित एबीवीपी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कॉलेज में रही भीड़
इधर प्रवेश तिथि का अंतिम दिन होने के कारण पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों की भारी भीड़ देखी गई। फीस जमा करने के लिए बाजारों में स्थित ई-मित्र केंद्रों पर भी अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। इस दौरान छात्र संगठन भी प्रवेश प्रक्रिया में विद्यार्थियों की मदद करते नजर आए।