जोधपुर शहर की भदवासिया मंडी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामचीन ब्रांड की नकली सिगरेट का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से करीब 40 हजार नकली सिगरेट जब्त कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। जब्त की गई नकली सिगरेट की बाजार कीमत लगभग 12 से 15 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपियों की पहचान अशोक लोहिया (58) पुत्र स्व. रामेश्वर लोहिया, निवासी देवनगर, शिवप्रकाश बहेती (41) पुत्र जयप्रकाश, निवासी रमजान जी का हत्था बनाड़ के तौर पर हुई। पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया के निर्देशन में अवैध गतिविधियों और नकली सामान की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। डीसीपी मुख्यालय शहीन सी के सुपरविजन में टीम को भदवासिया मंडी में भारी मात्रा में नकली सिगरेट बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर स्पेशल टीम ने भदवासिया मंडी में दबिश दी। मौके से प्रसिद्ध ब्रांड की 40 हजार नकली सिगरेट बरामद की गईं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को दस्तयाब किया है। महामंदिर थाना पुलिस ने इस संबंध में कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नकली सिगरेट कहां से सप्लाई की जा रही थी और इस रैकेट में कौन-कौन शामिल हैं।