जोजरी नदी में बढ़ते औद्योगिक प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद पुलिस अब सख्ती बरत रही है। सुप्रीम कोर्ट के कड़े निर्देशों और राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी की जांच के बीच पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रदूषण फैलाने के मामले में 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है। 18 लोगों के खिलाफ दर्ज किया था मामला बता दें कि जोजरी नदी में केमिकल युक्त और प्रदूषित पानी बहाए जाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया था। इसके बाद हाई पावर्ड कमेटी ने मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार की थी। इसके आधार पर राज्य सरकार ने विशेष जांच टीम का गठन किया। इसे लेकर विवेक विहार थाने में 18 लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया था। वहीं इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। अवैध रूप से प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया।