जोधपुर के सरदारपुरा इलाके में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने निगम की जीप रोककर घेराव किया और नारेबाजी की। हालात को देखते हुए निगम टीम ने पुलिस को बुलाया। इसके बाद पुलिस की मदद से टीम वहां से निकल सकी। दरअसल, निगम आयुक्त राहुल जैन और अन्य अधिकारियों को शिकायत मिली थी कि शाम के समय में चिल्ड्रन पार्क से लेकर 12वीं रोड तक थड़ी-ठेले वाले जमा हो जाते हैं। इस कारण रास्ते में भीड़ लगी रहती है। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में निगम की टीम शाम को करीब 7:30 बजे कार्रवाई करने यहां पर पहुंची और तीन ट्रैक्टर भरकर सामान को जब्त किया, जिसमें 10-12 ठेले, केबिन आदि शामिल थे। घर से सामान उठाने का लगाया आरोप अतिक्रमण प्रभारी मुख्यालय सतर्कता रजनीश बरसा ने बताया कि निगम में ट्रैक्टर ट्राली में भरा सामान खाली करने के बाद टीम दोबारा कार्रवाई करने पहुंची। इस दौरान सतर्कता शाखा प्रभारी जलज घसिया भी टीम के साथ पहुंचे। टीम दोबारा कार्रवाई करते हुए वहां एक रेस्टोरेंट के सड़क पर रखे गए सामान को जब्त किया। इसके बाद दूसरे थड़ी ठेले वालों के खिलाफ कार्रवाई करने लगी तो वहां मौजूद लोग विरोध करने लग गए। वहां मौजूद लोगों ने घर से सामान को जब्त करने और महिलाओं से बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए टीम को घेर लिया और इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मामले को बढ़ता देख अतिक्रमण हटाने गई टीम ने स्थानीय थाने में सूचना दी। फिर सरदारपुरा थाने का पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और वहां हंगामा कर रहे कुछ लोगों को पकड़ा। तब जाकर मामला शांत हुआ। निगम की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ राजकीय कार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
