जोधपुर वेस्ट पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने NDPS मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 4000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी तरफ लूणी थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक हिस्ट्रीशीटर को धर दबोचा है। DCP कमल शेखावत की मॉनिटरिंग में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। 4 हजार रुपर का इनामी बदमाश पकड़ा पहली कार्रवाई: प्रतापनगर थानाधिकारी भवानीसिंह मय टीम ने कार्रवाई करते हुए पाली जिले के रोहट थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे इनामी बदमाश विजय प्रजापत को दस्तयाब किया है।आरोपी विजय प्रजापत (39) पुत्र अचलाराम प्रजापत, निवासी- गजानंद कॉलोनी, सूंथला थाना प्रतापनगर, जोधपुर का रहने वाला है। एसपी कार्यालय पाली की ओर से 31 मार्च 2026 को आरोपी पर 4000 का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी रोहट थाने में 22 जुलाई 2025 को दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहा था। कार्रवाई में थानाधिकारी भवानीसिंह, हेड कॉन्स्टेबल विश्वप्रतापसिंह, कॉन्स्टेबल बलवीर सिंह, सुभाष और कैलाश की विशेष भूमिका रही। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए रोहट पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। मर्डर और जानलेवा हमले का आरोपी पिस्टल-कारतूस के साथ गिरफ्तार दूसरी कार्रवाई: लूणी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। इस पर एसीपी (बोरानाड़ा) नरेंद्र पारीक के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी हमीरसिंह भाटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को घेरकर रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 अवैध देशी पिस्टल, 1 खाली मैगजीन और 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान महिपाल सिंह (31) पुत्र गिरेन्द्र सिंह, जाति- राजपूत, निवासी- पीपरली पुलिस थाना लूणी, जोधपुर के तौर पर हुई। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि आरोपी महिपाल सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले से हत्या जानलेवा हमला और लूट जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में ASI मनफूलराम, कॉन्स्टेबल नरेंद्र सिंह, विकास, पदम सिंह और अमराराम शामिल रहे।
