जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मंगलवार को पुलिस थाना उन्हेल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने थाना परिसर, अभिलेखों और विभिन्न रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने थाने में रिक्त पदों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि इनकी पूर्ति के लिए उच्च विभाग को प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि कार्यों का सुचारू संचालन हो सके। जिला कलेक्टर ने एमएल गन रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि रजिस्टर का संबंधित कार्यालयों से मिलान कर उसे सत्यापित कराया जाए। साथ ही, सभी अनुज्ञापत्रधारियों के फोटो पंजिका में अनिवार्य रूप से चस्पा किए जाएं। जिन अनुज्ञापत्रधारियों ने लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया है, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने थाने में पंजीकृत हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की सूची को अद्यतन रखने और उसे थाना परिसर के बाहर दीवार पर चस्पा करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य आमजन और पुलिस प्रशासन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है। जिला कलेक्टर ने स्थाई वारंटियों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त थाने में लंबित तफ्तीशों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुरूप लंबित माल का भी शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि रिकॉर्ड व्यवस्थित रहे। कलेक्टर राठौड़ ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किए जाएं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और थाना स्तर पर अभिलेखों का नियमित संधारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।
