नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अलग-अलग तीन मामलों में कार्रवाई करते हुए 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस टीमों ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अवैध हथियार बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के पास से कुल 500 ग्राम हेरोइन, 3 अवैध पिस्तौल (देसी कट्टा) और 6 कारतूस (रौंद) बरामद किए गए हैं। एसीपी (ACP) अमरबीर सिंह ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई सीआईए (CIA) स्टाफ और स्पेशल सेल की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से की गई है। सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार और स्पेशल सेल के इंस्पेक्टर मनजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में जाल बिछाकर इन अपराधियों को दबोचा।
500 ग्राम हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार पहला मामला ड्रग तस्करी से जुड़ा है। 21 मई को स्पेशल सेल के इंस्पेक्टर मनजीत सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे। इस दौरान वेरका मिल्क प्लांट से गांव लिदड़ां वाली रोड पर एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस को उस नौजवान के बैग से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार उर्फ बाटा (पुत्र राजेश कुमार) के रूप में हुई, जो तरनतारन के गांव ठठियां मोहल्ला का रहने वाला है। साथी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी प्रदीप कुमार ने अपने एक और साथी का नाम उगला। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 21 मई को ही उसके साथी दलजीत सिंह (पुत्र बलदेव सिंह) को भी गिरफ्तार कर लिया। दलजीत भी उसी गांव का निवासी है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। अदालत के आदेश पर दोनों को ज्यूडिशियल हिरासत में भेज दिया गया है। बस स्टेशन के पास पिस्टल के साथ दबोचा दूसरा मामला अवैध हथियार की तस्करी और आर्म्स एक्ट से जुड़ा है। 25 मई को इंस्पेक्टर मनजींदर सिंह अपनी टीम के साथ बस स्टेशन जालंधर के पास पासपोर्ट कार्यालय वाली रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें वहां एक संदिग्ध व्यक्ति घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रोककर उसकी पैंट की जेब की तलाशी ली, तो उसके पास से .32 बोर की एक देसी पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान मंजीत सिंह (पुत्र रणजीत सिंह) निवासी गांव ढेसियां (गुरदासपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना 6 में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मकसूदा चौक से 2 अवैध पिस्तौल बरामद तीसरी सफलता सीआईए स्टाफ की टीम को 23 मई को मिली। पुलिस ने मकसूदां चौक के पास नाकाबंदी कर एक व्यक्ति को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान संतोष कुमार उर्फ बाबा (पुत्र संजय मंडल) के रूप में हुई है, जो न्यू ज्वाला नगर का रहने वाला है। तलाशी में कब्जे से 2 अवैध पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। थाना डिवीजन नंबर 1 में केस दर्ज करने के बादअदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
