जालंधर के अवतार नगर (गली नंबर 10) में रविवार को उस समय भारी हंगामा हो गया, जब नशे में धुत कुछ युवकों की आपस में लड़ाई हो गई। इस दौरान एक युवक वहां खड़ी एक छोटी बच्ची के ऊपर जा गिरा और उसके साथ छेड़खानी की कोशिश की। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने पहले इन युवकों की नशा करते हुए वीडियो बनाई थी, इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद वार्ड नंबर 47 के काउंसलर पति अमन और स्थानीय लोगों ने हंगामा कर रहे एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को आरोपी के घर से नशा करने का सामान भी मिला है। रंजिश के तहत बच्ची को बनाया निशाना यह घटना दोपहर तकरीबन 4:00 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अवतार नगर की गली नंबर 10 में कुछ युवक नशे की हालत में आपस में लड़ रहे थे। इसी बीच एक युवक वहां मौजूद एक छोटी बच्ची पर गिर गया और उससे बदसलूकी करने लगा। पीड़ित परिवार का कहना है कि बच्ची की मां अक्सर इन युवकों को इलाके में नशा करने और बेचने से रोकती थी। कुछ समय पहले महिला ने इनका वीडियो भी बनाया था, जिसके कारण ये युवक उनसे रंजिश रखते थे।
काउंसलर पति और लोगों ने घेरा हंगामे की सूचना मिलते ही वार्ड नंबर 47 के काउंसलर पति अमन और भारी संख्या में मोहल्ला वासी मौके पर इकट्ठा हो गए। उन्होंने तुरंत थाना भार्गव कैंप की पुलिस को सूचित किया। लोगों के बढ़ते गुस्से को देखकर पुलिस ने आरोपी युवक के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के अंदर से बड़े पैमाने पर नशा करने के लिए इस्तेमाल होने वाला सामान जैसे फॉयल पेपर, जले हुए चम्मच और सिरिंज आदि बरामद हुए। आरोपी की सफाई- ‘नशा करता हूं, बेचता नहीं’ पुलिस की गिरफ्त में आए युवक ने माना कि वह नशा करने का आदी है और इस इलाके में कई अन्य लड़के भी नशा करते हैं। हालांकि, उसने अपने ऊपर लगे नशा बेचने (तस्करी करने) के आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया। उसका कहना था कि लड़ाई के दौरान वह गलती से गिरा था, उसने जानबूझकर बच्ची के साथ कोई छेड़खानी नहीं की। पुलिस कर रही है मामले की जांच थाना भार्गव कैंप से आए एएसआई (ASI) रमेश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एक संदिग्ध युवक को राउंडअप (हिरासत में) किया गया है। उसके पास से नशा करने की सामग्री मिली है। वह नशा सिर्फ करता है या इलाके में सप्लाई भी करता है, यह अभी जांच का विषय है। दूसरी ओर, काउंसलर पति अमन और मोहल्ला वासियों ने भार्गव कैंप के एसएचओ (SHO) को लिखित शिकायत सौंपकर इन इंजेक्शन लगाने वाले नशेड़ियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
