विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर काइंडनेस वेलफेयर एसोसिएशन (केडब्ल्यूए) की ओर से शुक्रवार को जल महल पर ‘जयपुर क्लीन ड्राइव 2026’ का आयोजन किया गया। ‘क्लीन जयपुर, ग्रीन जयपुर’ थीम पर आधारित इस अभियान में शहर के सैकड़ों नागरिकों, विद्यार्थियों, परिवारों, पेशेवर वर्ग के लोगों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शुक्रवार सुबह 6:30 बजे शुरू हुए अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने जल महल परिसर में सफाई गतिविधियों में हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। काइंडनेस वेलफेयर एसोसिएशन के निदेशक एवं संस्थापक रजत जैन ने बताया कि जयपुर की पहचान और गौरव के प्रतीक जल महल को अभियान का मुख्य केंद्र बनाया गया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में दीर्घकालिक पर्यावरणीय चेतना और नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से आमजन को सार्वजनिक स्थलों, जल स्रोतों और विरासत स्थलों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही ‘जयपुर क्लीन ड्राइव 2026’ को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया गया, ताकि प्रत्येक नागरिक शहर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित हो सके। कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान, पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां, सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम और जनजागरूकता अभियान आयोजित किए गए। अभियान में सक्रिय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। इस पहल में जयपुर नगर निगम, शहर के नागरिकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, सामुदायिक समूहों तथा मीडिया प्रतिनिधियों ने सहयोग किया। आयोजन के माध्यम से स्वच्छ, हरित और सुंदर जयपुर के निर्माण का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का आह्वान किया गया।