जयपुर में सोमवार दोपहर बारिश हुई। राजस्थान में आज भी 36 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम की दिशा थोड़ी दक्षिण की तरफ होने से राज्य में रविवार को बारिश कम हुई। जयपुर, भरतपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर संभाग के एरिया में मौसम साफ रहा। कोटा, उदयपुर संभाग के एरिया में दोपहर से हल्के बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने इस सिस्टम का असर 16 सितंबर तक रहने का अनुमान जताया है। इधर पश्चिमी राजस्थान में सितंबर के दूसरे सप्ताह में भी पारा 40 डिग्री के करीब है। प्रदेश में बारिश की स्थिति मानसून के बड़े अपडेट्स झालावाड़ में सबसे ज्यादा बारिश: पिछले 24 घंटे में सिरोही, जालौर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा हनुमानगढ़, प्रतापगढ़, उदयपुर, धौलपुर, कोटा, बारां, झालावाड़ समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई। सबसे ज्यादा बरसात झालावाड़ के पचपहाड़ में 33MM और बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में 32MM दर्ज हुई। मानसून ट्रफ लाइन शिफ्ट हुई: मौसम विशेषज्ञों ने बताया- वर्तमान में मानसून ट्रफ सामान्य से थोड़ी दक्षिण दिशा में शिफ्ट हो गई। आज ये जैसलमेर, कोटा होते हुए लो-प्रेशर सिस्टम से गुजर कर विदर्भ, राजनंदगांव, भवानीपटना होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। सामान्य से ऊपर पारा, गर्मी तेज: पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के इलाकों में रविवार को दिनभर मौसम साफ रहा। जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, अजमेर संभाग के एरिया में दिनभर धूप रही। रविवार को सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 39.9 डिग्री रहा। बाड़मेर और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहने के कारण गर्मी तेज रही। आगे कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: रविवार दिनभर धूप रही। हालांकि दोपहर में कहीं-कहीं हल्के बादल छाए और हवा भी चली। जयपुर में दिन का तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने आज जयपुर में बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। अलवर: रविवार को सुबह से मौसम सामान्य बना रहा। दोपहर के समय गर्मी का असर देखने को मिला। दिन का तापमान करीब 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर में कुछ समय के लिए बादल छाए। इस दौरान हवा भी चलती रही, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। कोटा: जिले में रविवार को बारिश नहीं हुई। दिनभर धूप खिली रही। कोटा में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री पहुंच गया। न्यूनतम तापमान के भी बढ़ोतरी हुई है। जो 26 डिग्री रहा। इस सीजन में अब तक 419.3 एमएम बारिश हुई है। अजमेर: रविवार को दिनभर मौसम साफ रहा। गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। इस दौरान अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बरसात होने की संभावना है। सीकर: आज पूरे दिन आसमान में धूप निकलने के साथ बादलों की आवाजाही जारी रही। कई इलाकों में हल्की सी बारिश भी हुई। न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री दर्ज किया गया। जोधपुर: पिछले 24 घंटे में 11 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। रविवार को शहर में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 15 सितंबर को आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। उदयपुर: दिन के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी हुई है। एक दिन पहले हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट हुई थी। मौसम साफ रहा और सुबह से ही तेज धूप थी। दिन का तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
