जयपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बेकाबू ट्रेलर युवती के सिर-चेहरे को कुचलते हुए निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ युवक को नजदीकी अस्पताल भर्ती करवाया। हादसा बुधवार दोपहर करीब 3:45 बजे श्याम नगर थाना इलाके में जयपुर-अजमेर रोड पर 200 फीट बाइपास के पास हुआ। 1 दिन पहले इसी जगह पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार के 5 लोगों को कुचल दिया था। हादसे में 3 बच्चों और पिता की मौत हो गई। मां के दोनों पैर टूट गए। हादसा इतना भीषण था कि बच्चों के शवों के चीथड़े बिखर गए। एक बच्चे के शव के 2 टुकड़े हो गए। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी 3 PHOTOS… वेयरहाउस में काम करती थी युवती
ASI वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया- दौसा के गीजगढ़ की रहने वाली भारती सैनी (19) जयपुर में अजमेर रोड स्थित महिंद्रा सेज (SEZ) के एक वेयरहाउस में नौकरी करती थी। भांकरोटा जाने के लिए उसने ऑनलाइन बाइक टैक्सी बुक की थी। बाइक ड्राइवर नवदीप उसे लेकर हीरापुरा बाइपास से गुजर रहा था, तब वहां सड़क का काम चल रहा था। सड़क पर खड़ी गाड़ियों के कारण नवदीप ने बाइक अपनी दाईं ओर मोड़ी तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही भारती सड़क पर गिर गई और ट्रेलर उसे कुचलते हुए निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक ड्राइवर नवदीप बाईं ओर गिरने के कारण बच गया। हालांकि उसे भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। डेढ़ घंटे तक नहीं पहुंची पुलिस-एम्बुलेंस
प्रत्यक्षदर्शी छोटू राम ने बताया- ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मारी तो बहुत तेज आवाज आई। इस पर मैं दौड़कर मौके पर पहुंचा। लड़की का सिर और चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था, जिसे मैंने अपने कपड़े से ढका। मैं करीब डेढ़ घंटे तक घटनास्थल पर ही खड़ा रहा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे बाद पुलिस को तुरंत फोन कर दिया गया, लेकिन डेढ़ घंटे बाद पुलिस आई। वहीं एम्बुलेंस भी एक घंटे की देरी से आई। इसके बाद शव को अस्पताल भिजवाया जा सका। दोनों हादसे बेहद दुखद हैं
डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल ने कहा- कल और आज हुए दोनों हादसे बेहद दुखद हैं। इस ब्लैक स्पॉट की रोड इंजीनियरिंग में सुधार के लिए जांच की जा रही है। यह थोड़ा जटिल (टिपिकल) पॉइंट है, क्योंकि यहां शहर से आने वाला ट्रैफिक और फ्लाईओवर से उतरने वाला ट्रैफिक आपस में मर्ज होकर अजमेर रोड की तरफ बढ़ता है। डीसीपी ने बताया- इस समस्या के समाधान के लिए NHAI के अधिकारियों से बात की गई है। 9 जुलाई को इस स्पॉट पर ट्रैफिक पुलिस, NHAI और JDA के अधिकारी जॉइंट निरीक्षण करेंगे। प्रशासन की कोशिश है कि यहां सुगम और एक्सीडेंट फ्री यातायात सुनिश्चित किया जाए। दोनों हादसों के संबंध में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। ये खबर भी पढ़िए… जयपुर में परिवार पर चढ़ा ट्रेलर, 4 की मौत:बच्चों के शव टुकड़ों में नाले में गिरे, मां के पैर टूटे; ट्रेलर के 5 चालान पेंडिंग जयपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार के 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन बच्चों और पिता की मौत हो गई। मां के दोनों पैर टूट गए। हादसा इतना भीषण था कि बच्चों के शवों के चिथड़े उड़ गए। एक बच्चे के शव के दो टुकड़े हो गए। सभी लोग नाले में गिर गए। पढ़ें पूरी खबर पिता के साथ जली तीन बेटों की चिता:अंतिम संस्कार में गांव की हर आंख नम हुई; जयपुर में बेकाबू ट्रेलर के रौंदने से हुई थी मौत राजसमंद के जेतपुरा गांव में बुधवार को पिता के साथ 3 बेटों की चिता जली तो गांव में हर किसी की आंखें नम हो गईं। हालात ऐसे थे कि किसी घर में चूल्हा तक नहीं जला। पढ़ें पूरी खबर