जयपुर में एक पब्लिक टॉयलेट में युवक की मौत हो गई। युवक टॉयलेट में अंदर जाने के करीब डेढ़ घंटे तक बाहर नहीं निकला। स्टाफ ने ट्रैक्सी ड्राइवरों की मदद से टॉयलेट का गेट तोड़ा तो वह शीट पर अचेत अवस्था में बैठा था। टॉयलेट स्टाफ ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। टॉयलेट में स्मैक और नशे के इंजेक्शन पड़े मिले। युवक कुलदीप गुर्जर (28) निवासी दौसा की मौत नशे के ओवरडोज से होने का शक जताया गया है। घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर पब्लिक टॉयलेट की है। इधर घटना की सूचना के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रांसपोर्ट नगर थाने का घेराव किया। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक लोगों ने नशे के खिलाफ थाने पर जमकर प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि थाने से कुछ ही दूरी पर खुले में आसानी से नशे की सामग्री खरीदी और बेची जा रही है। उन्होंने स्थानीय महिला अंगूरी सांसी और कालू सांसी पर नशे की खेप बेचने का आरोप लगाया। लोग उच्चाधिकारियों से बात की मांग पर अड़े इस मामले में थाने का घेराव कर लोग उच्चाधिकारियों से बात करने की मांग पर अड़ गए। सूचना के बाद करीब साढ़े 9 बजे एसीपी (एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस) लक्ष्मी सुथार से बातचीत हुई। लोगों ने एसीपी को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में कार्रवाई के लिए सात दिन का समय दिया है। यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है। स्थानीय निवासी त्रिलोक मीणा ने बताया- नशे की बिक्री को लेकर थाने में कई बार शिकायत की, नशा बेचने वालों के नाम तक पुलिस के बताए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हमारी मांग है कि नशे की बिक्री बंद होनी चाहिए। सांसी समाज के लोगों पर नशा बेचने का आरोप स्थानीय निवासी बोले- जवाहर नगर के टीला नंबर 0 से लेकर 7 तक ही नहीं बल्कि पूरे जयपुर में नशे का बहुत बड़ा व्यापार चल रहा है। सांसी लोग यहां नशे की बिक्री कर रहे हैं। नशे के कारण 25 से 30 साल के युवाओं की मौत हो रही है। नशे के कारण एक साल में यह 8वीं घटना है। लोगों ने आरोप लगाया कि जयपुर में बड़े स्तर पर नशा बेचा जा रहा है। नशे की ब्रिकी का पूरे समाज को पता है। यहां तक कि पुलिस के बीट अधिकारी से लेकर उच्च अधिकारी तक को सबकुछ जानकारी है। लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। नशे का व्यापार चिंता का विषय युवा शक्ति राजस्थान के प्रदेश महामंत्री गौरी शंकर ने कहा कि यहीं सबसे बड़ी विड़ंबना है कि ठोस कार्रवाई के लिए हमें थाने का घेराव करना पड़ रहा है। केवल ट्रांसपोर्ट नगर में ही नहीं पूरे जयपुर शहर में नशे का व्यापार चरम पर है। ये सब हम सबके लिए चिंता का विषय है। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर थानाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि मृतक कुलदीप गुर्जर निवासी बनेठा, दौसा नशे का आदी था। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे उसके चाचा उसे नशा छुड़वाने के लिए दवाई दिलाने जयपुर लाए थे। लेकिन युवक मौका पाकर उनसे अलग हो गया। थानाधिकारी ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
