जयपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। वहीं एक महिला, उसकी बेटी और धर्मभाई को चोट आई है। विश्वकर्मा थाना इलाके में रोड नंबर-17 के पास शुक्रवार शाम करीब 4 बजे यह सड़क हादसा हुआ। गोयल धर्मकांटा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक पर महिला रीना, बेटी साक्षी, बेटा कार्तिक (3) और धर्मभाई कैलाश सवार थे। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में कार्तिक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां रीना, बहन साक्षी और कैलाश को चोटें आई हैं। तीनों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं गुस्साए लोगों ने ड्राइवर की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान ड्राइवर कुछ देर के लिए बेहोश हो गया। मुरलीपुरा की तरफ जा रहे थे, सामने से आया ट्रक विश्वकृमा थानाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया- कृष्णा विहार अखेपुरा निवासी रीना अपने बेटे कार्तिक और बेटी साक्षी के साथ किसी काम से मुरलीपुरा की तरफ जा रही थी। बाइक रीना के धर्मभाई कैलाश चला रहे थे। रोड नंबर 17 पार करने के बाद गोयल धर्मकांटा के सामने सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक- हादसे के बाद ट्रक कुछ देर के लिए मौके पर रुका था। इसके बाद ड्राइवर ने अचानक ट्रक वापस दौड़ा दिया। सड़क पर पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक और मासूम कार्तिक को रौंदते हुए ट्रक आगे निकल गया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने पीछा कर ट्रक ड्राइवर को पकड़ा हादसे के बाद लोगों ने ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर लोगों ने ट्रक को रोक लिया और ड्राइवर को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर विश्वकर्मा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने ड्राइवर को भी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। ट्रक ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।