छोटे-मोटे नेताओं से क्या अनावरण करवाना, मैं चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इनका अनावरण करवाया जाए। यह कहना है ब्यावर के भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत का। यहां हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान और राजकवि चंदबरदाई की प्रतिमाओं के अनावरण में हो रही देरी के सवाल पर उन्होंने अपनी यह बात रखी। ब्यावर जिला कलेक्ट्रेट में एक प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह के बाद रावत ने यह बयान दिया। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि करीब पांच-छह साल से पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा कपड़े में लिपटी हुई खड़ी है। चंदबरदाई की प्रतिमा भी लंबे समय से लोकार्पण का इंतजार कर रही है। इन प्रतिमाओं का अनावरण अब तक क्यों नहीं किया गया? ‘सरकारी धन से नहीं बनी प्रतिमाएं’
इस सवाल के जवाब में विधायक रावत ने कहा कि हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान किसी एक व्यक्ति या विशेष वर्ग के नहीं, बल्कि सभी की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये प्रतिमाएं सरकारी धन से नहीं, बल्कि व्यक्तिगत या निजी संसाधनों से स्थापित की गई हैं। विधायक ने इच्छा जताई कि इन प्रतिमाओं का अनावरण किसी छोटे नेता से नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों होना चाहिए। प्रतिमाओं के अनावरण को लेकर चर्चा तेज
विधायक के इस बयान के बाद प्रतिमाओं के अनावरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर स्थापित ये प्रतिमाएं वर्षों से अनावरण की प्रतीक्षा कर रही हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आमजन की आस्था और गौरव से जुड़ी इन प्रतिमाओं का अनावरण अब तक क्यों नहीं किया गया। समय-समय पर उठता रहा है मुद्दा
गौरतलब है कि पृथ्वीराज चौहान और चंदबरदाई की प्रतिमाओं के अनावरण का मुद्दा पिछले कई वर्षों से समय-समय पर उठता रहा है। हालांकि, इस दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। विधायक के ताजा बयान के बाद यह विषय एक बार फिर जनचर्चा का केंद्र बन गया है। इस दौरान राजसमंद सांसद महिमा सिंह मेवाड़, मसूदा विधायक वीरेंद्र कानावत, संतोष रावत, जिला कलेक्टर कमलराम मीना, ब्यावर एसपी रतन सिंह सहित जिले के कई अधिकारी और भाजपा नेता मौजूद रहे।