चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी और उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा नेताओं ने साफ कर दिया कि अब नगर परिषद का पूरा फोकस शहर के विकास, स्वच्छता और योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने पर रहेगा। समारोह में सहकारिता मंत्री गौतम दक, सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या समेत कई जनप्रतिनिधियों ने नई परिषद को बधाई देते हुए विकास के लिए मिलकर काम करने का संदेश दिया। वहीं नवनियुक्त सभापति अनिल ईनाणी ने शहर के हर प्रमुख चौराहे पर महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाने, चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ और सुंदर बनाने तथा सभी को साथ लेकर काम करने का संकल्प दोहराया। इससे पहले नगर परिषद परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुभ मुहूर्त में सभापति और उपसभापति ने कार्यभार ग्रहण किया। मंत्री बोले- टीम स्पिरिट से काम करें, विकसित भारत की सूची में चित्तौड़ भी शामिल हो समारोह को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि नगर परिषद के सभी पार्षद टीम भावना के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं और चित्तौड़गढ़ को भी उसी दिशा में आगे ले जाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि परिषद में किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरी टीम का योगदान जरूरी रहेगा। यदि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे तो शहर का विकास तेज गति से होगा और लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरा जा सकेगा। उन्होंने सभी पार्षदों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए विकास कामों को प्राथमिकता देने की अपील की। सांसद सीपी जोशी ने दिया 100 दिन का रोडमैप, स्वच्छता और विकास पर जोर सांसद सीपी जोशी ने कहा कि जनता ने डबल इंजन सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुए नगर परिषद में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता, ड्रेनेज, सीवरेज, प्रधानमंत्री आवास, अमृत भारत, अमृत सिटी, स्मार्ट सिटी और पेयजल जैसी योजनाओं का पूरा लाभ लोगों तक पहुंचाना अब नई परिषद की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान सभापति और सभी पार्षद 100 दिन का स्पष्ट रोडमैप तैयार करें और सबसे पहली प्राथमिकता स्वच्छता को दें। उन्होंने सभापति और उपसभापति की उस घोषणा की भी सराहना की जिसमें उन्होंने चित्तौड़गढ़ को इंदौर की तर्ज पर स्वच्छ और सुंदर बनाने की बात कही थी। सीपी जोशी ने कहा कि देश में पहली बार स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप मिला है। सामुदायिक शौचालय, सीवरेज और ड्रेनेज जैसे काम बड़े स्तर पर हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक विकास काम शुरू हुए हैं और आने वाले समय में शहर के बाकी लंबित काम भी पूरे किए जाएंगे। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि विकास कामों की शुरुआत चंदेरिया क्षेत्र से भी होनी चाहिए क्योंकि वहां की जनता ने भाजपा को पूरा समर्थन दिया है। उन्होंने सभी पार्षदों से लोगों का धन्यवाद करने, अपनी प्राथमिकताएं तय करने और पहले 100 दिनों में किए जाने वाले कामों की सूची बनाकर आगे बढ़ने की सलाह दी। सांसद ने राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्थानीय निकायों और पंचायतों में आरक्षण भाजपा सरकार के समय मिला और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस ने विरोध किया था। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में महिलाओं और युवाओं का बड़ा समर्थन भाजपा को मिला है। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में युवाओं का समर्थन भाजपा की विचारधारा के साथ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि अब पंचायत चुनाव भी सामने हैं और कार्यकर्ताओं को उसी उत्साह के साथ तैयारी करनी होगी। उन्होंने सभी विधायकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा की जीत सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने 13 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ में प्रस्तावित भजन कार्यक्रम का भी उल्लेख किया और युवाओं से उसमें भागीदारी की अपील की। विधायक आक्या बोले- जीत का पूरा श्रेय कार्यकर्ताओं को चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में मिली सफलता का सबसे बड़ा श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि असली सम्मान और मंच पर बैठने का अधिकार उन्हीं कार्यकर्ताओं का है जिन्होंने दिन-रात मेहनत की। कई वार्डों में भाजपा को जीत नहीं मिली, लेकिन वहां भी कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत से चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से भाजपा सम्मानजनक स्थिति में पहुंची है और आगे भी संगठन इसी ताकत के साथ काम करेगा। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों से जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और शहर के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। सभापति बोले- हर चौराहे पर लगेगी प्रतिमा, शहर को बनाएंगे स्वच्छ और सुंदर नवनियुक्त सभापति अनिल ईनाणी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर को साफ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना होगी। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाने की योजना बनाई जाएगी और पूरी कार्ययोजना तैयार कर इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस जीत में किसी एक व्यक्ति का योगदान नहीं बल्कि पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता का साथ मिला है। इसलिए नगर परिषद भी सभी को साथ लेकर काम करेगी। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ की पहचान उसके गौरव और विरासत से है, इसलिए शहर को विकास और स्वच्छता के मामले में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। नेता और संत रहे मौजूद नवनियुक्त उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया ने सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और शहरवासियों का आभार जताते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे तथा सभापति के साथ मिलकर शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष रतन गाडरी, कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, भाजपा महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन रुद, नगर मंडल अध्यक्ष गौरव त्यागी, पूर्व सभापति सुशील कुमार शर्मा, पूर्व उपसभापति भारत जागेटिया, पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गोविंद काबरा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मिट्ठू लाल जाट, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष नरेंद्र पोखरना, चंदेरिया मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, कर्नल सिंह, श्रवण सिंह राव, पूर्व चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति प्रधान देवेंद्र कंवर, पूर्व भूमि विकास बैंक अध्यक्ष कमलेश पुरोहित, अनिल सिसोदिया, पूर्व बड़ी सादड़ी विधायक ललित ओसवाल, रवि विरानी, भंवर सिंह, पूर्व पंचायत समिति प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़, संभाग मीडिया प्रभारी सुधीर जैन तथा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक मौजूद रहे। वहीं बेगूं विधायक ने इस समारोह से दूरी बनाए रखी। समारोह में संत विनोद यति जी महाराज और दिग्विजय राम जी महाराज ने भी पहुंचकर नवनिर्वाचित सभापति और उपसभापति को आशीर्वाद दिया। वहीं 33 बीजेपी के जीते हुए और 3 निर्दलीय पार्षद भी मंच पर मौजूद थे, जिनका सम्मान किया गया।