दौसा के बसवा थाना क्षेत्र के गुढाकटला गांव में बुजुर्ग महिला के पैर से चांदी के कड़े काटकर ले जाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। इस दौरान एक वकील ने आरोपी को थप्पड़ मारे। थप्पड़ मारने का सीसीटीवी भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों को गुरुवार रात को गिरफ्तार किया था। आरोपी मुही गांव के जंगलों में छिपे हुए थे। 18 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा बसवा थाना प्रभारी हनुमान सहाय ने बताया- गुढाकटला निवासी महेश प्रजापत, महवा के रूदकानगला निवासी देवाराम प्रजापत और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों को 18 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वकील आरोपियों की पैरवी नहीं करेंगे मामले में बार संघ अध्यक्ष सचिदानंद मिश्रा ने कहा कि-वकीलों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि वे इन आरोपियों की अदालत में पैरवी नहीं करेंगे। ये था मामला बुधवार दोपहर करीब 3 बजे बुजुर्ग महिला मनफूली योगी (80) घर के आंगन में चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान बाइक पर आए बदमाश पानी पीने के बहाने घर में घुसे। जैसे ही वृद्धा पानी पिलाने के लिए चारपाई से उठीं, बदमाशों ने उनका मुंह दबाया और घर के अंदर ले गए। बदमाश अपने साथ लाए इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन से वृद्धा के बाएं पैर में पहना करीब 500 ग्राम का चांदी का कड़ा काट लिया। बदमाशों ने दूसरे पैर का कड़ा काटने का भी प्रयास किया, लेकिन तभी वृद्धा के छोटे बेटे की बहू घर में आ गई। बहू को देखकर बदमाश एक ही कड़ा लेकर भाग घए। छीना-झपटी में वृद्धा के पैर में चोट भी आई है। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। बड़ा बेटा चाय की दुकान पर था, और छोटा बेटा बाहर काम करता है। छोटे बेटे की बहू भी बकरियां चराने के लिए घर के पीछे गई हुई थी।