पाली जिले में 11 साल के मासूम की हत्या तंत्र-मंत्र के लिए की गई थी। हत्यारा युवक मासूम का जानकार था। आरोपी की शादी नहीं हो रही थी। उसे तांत्रिक ने नरबलि देने को कहा था। इस पर आरोपी युवक मदरसे से घर लौट रहे बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ जंगल में ले गया। हाथ-पैर बांधकर वहां तंत्र क्रिया की, इसके बाद छुरे से उसका गला काट दिया। दिल दहला देने वाली ये घटना गुरुवार को सोजत सिटी के एक गांव की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस को बताया- शादी नहीं हो रही थी, इसलिए एक तांत्रिक ने कहा था- नरबलि देगा तो हो जाएगी। सोजत पुलिस ने बताया कि आरोपी तंत्र-मंत्र के चंगुल में जकड़ा हुआ है। दो साल पहले उसने गांव में भैंस के पाडे़ का गला काट दिया था। बाद में उसने एक गोवंश के गुप्तांग भी काटे थे। उस समय परिजनों की गुहार पर ग्रामीणों ने उसे छोड़ दिया था। लेकिन अब उसने तांत्रिक के कहने पर मासूम की नरबलि दे दी। इसके लिए वो कई दिन से अपने गांव के 11 साल के बच्चे की रेकी कर रहा था। बच्चे के पिता ने बताया कि मेरा बेटा दोपहर बाद मदरसे से अकेला लौट रहा था। उस समय गांव के परिचित 30 वर्षीय युवक ने उसे अगवा कर लिया। उसे तालाब की पाल पर झाड़ियों के बीच ले गया। दोनों हाथ-पैर और मुंह बांधकर पटक दिया। इसके बाद छुरे से उसका गला काट दिया। इसके बाद तंत्र-मंत्र किया। आरोपी ने मेरे बेटे की गर्दन को लकड़ी के एक बल्ले पर रखा और बेरहमी से उसकी गर्दन काट डाली। ऐसे बेरहम को फांसी की सजा दी जाए। दादा बोला- हत्या करने के आकर कहा- किसी ने तुम्हारे बच्चे को मार डाला मृतक के दादा ने बताया कि घटना के समय मैं घर पर ही था। हत्यारा खुद हमें बताने घर आया कि कोई तुम्हारे पोते को उठाकर ले गया है, उसने उसकी हत्या कर दी है और फरार हो गया। हमने जाकर देखा तो गांव से 500 मीटर दूर तालाब की पाल पर पोते का शव पड़ा था। घटनास्थल पर टूटी हुई मटकी और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किए जाने वाला सामान पड़ा था। खून से सने कपड़े बदलने पर हुआ शक आरोपी परिवार वालों की नजर में घटनाक्रम से अनजान बन रहा था। बार-बार कहानी बना रहा था कि उसने किसी को मर्डर करते हुए देखा है। लेकिन जैसे ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, इसके बाद वो गायब हो गया। इस पर घटना की जानकारी देने वाले युवक पर ही पुलिस को शक हुआ। तलाश के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। खून लगा होने के कारण उसने कपड़े बदले हुए थे। बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बच्चे के दादा ने बताया- हमें नहीं पता था कि वही मेरे पोते का हत्यारा है। वो ऐसा हैवान है कि पहले भी बछड़े का गला काट चुका है। उसे मृत्युदंड दिया जाए। पुलिस ने कहा- हर पहलू पर आरोपी से पूछताछ चल रही सोजत के शिवपुरा थाना पुलिस और सोजत पुलिस ने शुक्रवार को फिर से घटनास्थल का मुआयना किया। मौके पर खून से सनी लकड़ी, टूटा हुआ मटका व तंत्र-मंत्र का अन्य सामान भी पुलिस ने जब्त किया है। एफएसएल की टीम ने बारीकी से मुआयना कर मौके की वीडियोग्राफी की। सोजत डीएसपी रतन देवासी ने बताया कि आरोपी को डिटेन कर लिया गया है। मामला नरबलि से जुड़ा लग रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। तांत्रिक कौन है जिसके कहने पर युवक ने इस घटना को अंजाम दिया, पुलिस उसकी भी पड़ताल कर रही है। ग्रामीणों ने आरोपी पर पहले भी अपराध करने के आरोप लगाए हैं। इस बारे में भी पता लगाया जा रहा है। जल्द ही पूरी घटना का खुलासा करेंगे। घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है। सुबह गांव में स्कूल के बाहर बैठक करके सर्व समाज ने घटना को लेकर विरोध जताया। आरोपी के परिवार को गांव से बेदखल करने का फैसला लिया। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी आदतन अपराधी है। उसने दो साल पहले भैंस के पाड़े का गला काटा था। बाद में गोवंश के गुप्तांग काट दिए थे। उस समय पुलिस प्रभावी कार्रवाई करती तो आज बच्चे की जान नहीं जाती।