चंडीगढ़ में PGI के लॉन्ड्री एरिया के पास शुक्रवार सुबह युवक का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि बेटा पिछले कुछ समय से पत्नी के साथ चल रहे विवाद के कारण मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय रजत के रूप में हुई है। रजत अपने पीछे पत्नी और डेढ़ साल के बेटे को छोड़ गया है। उसने लव मैरिज की थी। सुबह लोगों ने देखा पेड़ से लटका शव
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह सैर और काम पर जा रहे लोगों ने पीजीआई के लॉन्ड्री एरिया के पास युवक का शव पेड़ से लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पीजीआई पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में ले लिया। घर से चुन्नी लेकर निकला था
परिजनों के मुताबिक गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे रजत जनता कॉलोनी स्थित अपने माता-पिता के घर आया था। कुछ देर रुकने के बाद वह वापस चला गया। जाते समय वह घर में रखी एक चुन्नी अपने साथ ले गया था। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि वह उसी का इस्तेमाल फंदा लगाने के लिए करेगा। पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहा था विवाद
परिवार का कहना है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पैसों के लेन-देन और घरेलू बातों को लेकर विवाद चल रहा था। इस वजह से रजत मानसिक तनाव में रहने लगा था। परिजनों का आरोप है कि यही तनाव उसके इस कदम की वजह बना। 2024 में लव मैरिज की थी
मृतक रजत मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला था। उसने साल 2024 में लव मैरिज की थी। वह अपनी पत्नी और डेढ़ साल के बेटे के साथ खुड्डा लाहौरा में किराए के मकान में रह रहा था। वह एक लॉन्ड्री की दुकान पर काम करता था। समय-समय पर जनता कॉलोनी में रह रहे अपने माता-पिता से मिलने जाता रहता था। पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी एक कारण को आत्महत्या की वजह नहीं माना जा सकता। मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।