भीलवाड़ा के गुंदली गांव में 11केवी लाइन में फॉल्ट आने से ट्रांसफार्मर में आग लग गई। घरों में करंट फैल गया। जिससे पूर्व सरपंच के बेटे की मौत हो गई। 7 लोग झुलस गए। 50 घरों में बिजली के उपकरण जल गए। ग्रामीण बिजली की सप्लाई बंद करवाने ग्रिड (GSS) पर पहुंचे तो वहां कर्मचारी शराब पार्टी कर रहे थे। सूचना पर पहुंची कोरोई थाना पुलिस की टीम के लोग भी शराब के नशे में धुत थे। घटना बागोर थाना क्षेत्र के गुंदली गांव में शनिवार की रात करीब 12 बजे हुई। हालांकि बागोर पुलिस ने 2 लाइनमैन को हिरासत में लिया है। वहीं रविवार को जिला हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया। मोबाइल चार्जिंग लगाते समय करंट से मौत ग्रामीण शिव कुमार ने बताया- रात करीब 12 बजे गांव से गुजर रही 11केवी लाइन में अचानक फॉल्ट हो गया। इसके बाद धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इसी दौरान मोबाइल का चार्जर लगा रहा किशन लाल (35) पुत्र मांगी लाल करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमने लाइनमैन को फोन लगाया और ग्रिड पर भी फोन किए, लेकिन किसी ने नहीं उठाया। ग्रिड पर शराब पार्टी चल रही थी शिव कुमार ने बताया- गांव में करंट आने के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग रात में ही गांव से करीब 7 किलोमीटर दूर बिजली के ग्रिड पर पहुंचे। देखा तो शराब और नॉनवेज पार्टी चल रही थी। ग्रिड में ठेके पर आदमी रखे हुए हैं, वो नशे में थे। उन्होंने ग्रामीणों को भगा दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जबरदस्ती बिजली की सप्लाई बंद करवाई। ग्रामीणों के विरोध की सूचना पर पहले कोरोई थाना पुलिस पहुंची, लेकिन उसमें एक एएसआई नशे की हालत में था। फिर बागोर थाना पुलिस आई और कोरोई थाना पुलिस को वहां से रवाना कर दिया। ग्रामीणों ने थोड़ी देर प्रदर्शन किया, फिर परेशान होकर डेड बॉडी को महात्मा गांधी जिला हॉस्पिटल की मोर्च्युरी ले गए। मृतक किशन के पिता पूर्व सरपंच थे। किशन के परिवार में पत्नी के अलावा 3 बच्चे हैं और परिवार खेती- किसानी करता है। एक करोड़ रुपए मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए का आर्थिक मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। साथ ही गांव के बीच से गुजर रही 11केवी लाइन को गांव से बाहर शिफ्ट करने की भी मांग की है। पुलिस की सहमति के बाद लोगों ने धरना खत्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी बोले- 2 कर्मचारियों को हिरासत में लिया है बागौर थाना प्रभारी भंवर लाल ने बताया कि गुंदली गांव में 11केवी लाइन में फाल्ट आने से कुछ घरों में इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण जल गए और एक युवक की मौत हो गई। ग्रिड पर दो कर्मचारी नशे की हालत में थे, जिन्हें हिरासत में लिया है। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था, बातचीत के बाद सहमति बन चुकी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

You missed