बीकानेर में घर से खेत के लिए निकले दंपती का शव खेत के पास बनी डिग्गी में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर मॉर्च्युरी में रखवाया। हादसा महाजन थाना क्षेत्र के बडेरन गांव में सोमवार की सुबह हुआ। पुलिस के अनुसार बडेरन निवासी सावंत राम(25) पुत्र हनुमान मेघवाल और उनकी पत्नी सुलोचना(19), जो मूल रूप से अनूपगढ़ के 89 जीबी गांव की रहने वाली थीं, खेत के पास बनी डिग्गी (जोहड़ी) में गिर गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव बाहर निकलवाए। महाजन थानाधिकारी भजनलाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों सुबह घर से खेत में काम करने निकले थे, लेकिन दोनों के शव डिग्गी में मिले। दोनों ने सुसाइड किया है या डूबने के दौरान बचाने की मौत हुई है, इसकी जांच की जा रही है। महिला के पीहर पक्ष के परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। उनकी ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
