लुधियाना में इंटरनेशनल एंटी-खालिस्तानी टेररिस्ट फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के संयुक्त समन्वयक गुरसिमरन सिंह मंड को एक बार फिर जान से मारने की धमकियां मिली हैं। इस बार उन्हें विदेशी नंबरों से कॉल और वॉट्सएप मैसेज भेजकर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के बाद थाना सदर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गुरसिमरन सिंह मंड ने बताया कि उनके मोबाइल पर विदेशी नंबरों से कॉल और वॉट्सएप संदेश आए। इन नंबरों की प्रोफाइल में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर लगी हुई थी। अलग-अलग नंबरों से मिल रही धमकियां मंड ने पुलिस को बताया कि उन्हें 2 जुलाई, 3 जुलाई, 5 जुलाई और 13 जुलाई को अलग-अलग विदेशी नंबरों से धमकी भरे कॉल और मैसेज मिले। आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या करने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना देकर लिखित शिकायत दी। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल गुरदीप सिंह ने बताया कि धमकी देने वाले नंबरों का पता लगाने के लिए साइबर क्राइम पुलिस की सहायता ली जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कॉल और व्हाट्सएप संदेश वास्तव में किन देशों से भेजे गए और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं। अब पढ़ें धमकी में क्या लिखा
तुझे जल्द पता लग जाएगा कि मैं कौन हूं। अगर तू सिक्योरिटी लेनी बंद कर दे तो फिर तुझे बताएंगे कि हम कौन है। मारना तो तुझे वैसे भी है चाहे सिक्योरिटी ले चाहे SPG कमांडों लो। तेरी मौत पक्की है। हम तुझे 24 घंटे देख रहे है। तू कहां जाता है क्या करता है। तेरा परिवार क्या करता है। बेअंत सिंह वाला हाल करेंगे। थोड़े दिन जी लो जितना जीना। वेट एंड वाच। ये तुझे हमारा आखिरी मैसेज है। पहले भी मिल चुकी है बम से उड़ाने की धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले 24 जून को भी खालिस्तान विरोधी मंड को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप पर बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस मामले में मंड ने आरोप लगाया था कि गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने उनके घर को बम से उड़ाने और उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोल्डी ढिल्लों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।