राजस्थान में शव की बेकद्री का मामला सामने आया है। कोटा की सांगोद नगर पालिका के सफाई कर्मचारी राकेश (40) की एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। शनिवार (10 अक्टूबर) को उनका शव सांगोद से करीब 20 किलोमीटर दूर खानपुर में मिला। परिवार ने बताया कि शव से बदबू आ रही थी। ऐसे में किसी एंबुलेंस और प्राइवेट गाड़ी ने बॉडी को घर तक पहुंचाने से इनकार कर दिया। नगर पालिका से कॉन्टैक्ट किया, तो भी उन्हें मदद नहीं मिली। राकेश के भाई आकाश ने बताया कि कोई इंतजाम नहीं होने पर वो खुद कचरा उठाने वाली गाड़ी लेकर खानपुर गया था। उसी में बॉडी को लेकर घर पहुंचा था। तीन दिन से लापता थे राकेश जानकारी के अनुसार राकेश नगर पालिका में ठेके के कर्मचारी थे। परिवार ने बताया कि वे तीन दिन से लापता थे। पुलिस की सूचना पर शनिवार दोपहर को उन्हें राकेश की मौत की जानकारी मिली। परिवार ने खानपुर हॉस्पिटल में शव की पहचान की। इसके बाद बॉडी को सांगोद लाने के लिए परिजनों ने हॉस्पिटल प्रशासन से एंबुलेंस या शव वाहन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई, लेकिन मदद नहीं मिली। कई प्राइवेट एंबुलेंस से भी कॉन्टैक्ट किया गया, लेकिन सभी ने इनकार कर दिया। करीब एक घंटे तक कचरा गाड़ी में रहा शव नगर पालिका सांगोद के जमादार हंसराज ने बताया कि डेडबॉडी खानपुर में थी। बदबू आने से शव लाने के लिए कोई वाहन तैयार नहीं हुआ। परिजनों के कहने पर शव लाने के लिए टिपर भिजवाया गया था। वहीं, राकेश के भाई का कहना है कि खुद नगर पालिका में अस्थाई टिपर ड्राइवर है। जिस टिपर को लेकर बॉडी लेने गया था उसे पहले धोया गया था। वो बिल्कुल भी गंदा नहीं था। मजबूरीवश वो भाई को बॉडी को उसमें लाया था। डेडबॉडी करीब एक घंटे तक कचरे की गाड़ी में थी। घर लाने के कुछ देर बाद ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। राजस्थान में पहले भी आए शव बेकद्री के मामले…. 1. धौलपुर में कचरे वाली ट्रॉली में रखा था शव दो साल पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के राजाखेड़ा बायपास पर एक लावारिस शव मिला था। शव को सरकारी हॉस्पिटल तक पहुंचाने के लिए कचरा उठाने वाले ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया गया था। इसका एक वीडियो भी सामने आया था। पूरी खबर पढ़िए… 2. महिला की बॉडी के भी कचरा गाड़ी में ले गए थे करीब 4 साल पहले बहरोड़ में जयपुर-दिल्ली हाईवे क्रॉस कर रही महिला को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। बॉडी सड़क पर बुरी तरह चिपक गई थी। शव की हालत देखकर पुलिस ने नगर पालिका के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। वे कचरा डालने वाली गाड़ी में शव ले गए थे। पूरी खबर पढ़िए…