कोटपूतली कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए संवेदनशीलता और समन्वय से कार्य करें। कलेक्टर ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को एक डोज में निशुल्क टीका लगाया जा रहा है, जिससे भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिल सकेगी। उन्होंने अधिकारियों और डॉक्टर्स को निर्देशित किया कि वे अभिभावकों को टीकाकरण की पूरी जानकारी दें और उन्हें जागरूक कर टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में हीटवेव और मौसमी बीमारियों को लेकर भी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि बीसीएमओ और संस्थान प्रभारी अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला एवं उप जिला अस्पतालों में मॉकड्रिल आयोजित करने के भी निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने जननी शिशु सुरक्षा योजना (JSY) और राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना (RSBY) की समीक्षा करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं के लाभार्थियों के अकाउंट नंबर और अन्य दस्तावेज लेकर सभी को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने ये भी सुनिश्चित करने को कहा कि विभागीय स्तर पर इन योजनाओं में किसी का भी भुगतान लंबित न रहे। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की कमी न होने और दवा वितरण केंद्रों को समय पर खोलने के लिए भी पाबंद किया। मुख्यमंत्री निशुल्क जांच और दवा योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने एनक्यूएएस (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स) के तहत चिकित्सा संस्थानों को तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवार कल्याण के अन्य घटकों में भी आवश्यक सुधार के लिए पाबंद किया। इस बैठक में पीएमओ डॉ. पुष्कर गुर्जर, डॉ. जलदीप, डॉ. राजेश सहित अन्य बीसीएमओ, डीपीएम, डीएनओ और सीएचसी प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
