दौसा कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ियों को जल जीवन मिशन (जेजेएम) से जोड़कर पेयजल पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। बैठक में सदस्य सचिव एवं एसई रमेश चंद मीणा ने बताया कि जिले के 393 गांवों में पेयजल पहुंचाने के लिए 302 योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन योजनाओं के तहत कुल 1 लाख 16 हजार 194 घरों में नल से जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से अब तक 93 हजार 316 घरों में फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने पेयजल पाइप लाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन सड़कों की मरम्मत शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। 136 गांवों में जल्द पहुंचाए पानी एसई ने बताया कि जिले के 49 गांवों को ‘हर घर जल’ प्रमाण पत्र प्राप्त हो चुका है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि रिपोर्टेड 136 गांवों के लिए संबंधित विकास अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शीघ्र ही ‘हर घर जल’ प्रमाण पत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला परिषद के सीईओ बिरदीचंद गंगवाल, सहायक वन संरक्षक आशीष शर्मा, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. दीपक शर्मा, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास राधाकिशन मीणा, सीडीईओ इंदिरा गुप्ता सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
