दौसा के लालसोट में कार की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों बड़े भाई के लगन समारोह का बचा हुआ सामान दुकानदार को वापस देने लालसोट आ रहे थे। इसी दौरान कोथून रोड पर लाडपुरा गांव के पास शनिवार शाम 4.30 बजे ये हादसा हो गया। हादसे के बाद ड्राइवर कार छोड़कर भाग गया। कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी हेड कॉन्स्टेबल सीताराम गुर्जर ने बताया- हादसे में टोंक के दत्तवास थाना क्षेत्र के जगसरा निवासी विराट मीणा (20) पुत्र शंकरलाल मीणा और श्रीराम मीणा (25) पुत्र रोशनलाल मीणा की मौत हो गई। दोनों के पिता भाई है। सूचना पर लालसोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों युवकों को लालसोट जिला अस्पताल पहुंचाया और शव मॉर्च्युरी में रखवाए। दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर थाने ले जाया गया है। लगन समारोह में बांटने के लिए लाए बर्तन वापस दुकानदार को देने आ रहे थे मृतकों के पड़ोसी सुरेंद्र मीणा ने बताया-श्रीराम मीणा के बड़े भाई किशन लाल की शादी 20 अप्रैल को है। 16 अप्रैल को लगन समारोह में बांटने के लिए लाए गए स्टील के बर्तन बच गए थे, जिन्हें ये वापस करने लालसोट आ रहे थे। इसी दौरान लाडपुरा के पास तेज रफ्तार बेकाबू कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दूल्हे के भाई की मौत के बाद शादी वाले घर में मातम पसर गया है। श्रीराम मीणा के 2 साल का बेटा है। श्रीराम मीणा और विराट मीणा दोनों अभी पढ़ाई कर रहे हैं।