संविधान और जन-अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस पार्टी की ओर से बरनाला में एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस बरनाला के पूर्व प्रधान गुरप्रीत सिंह लकी पप्पू के नेतृत्व में आयोजित इस समागम में पंजाब भर से आए लगभग 350 ब्लॉक पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। राष्ट्रीय नेता सुधीर चौधरी और मांगीराम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्थानीय कैसल रिसॉर्ट में आयोजित इस समारोह के दौरान नव-निर्वाचित चेयरमैन, वाइस चेयरमैन और सचिव सहित सभी 350 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। नए पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करने और उन्हें उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए एक अनूठी पहल की गई। प्रत्येक पदाधिकारी को भारतीय संविधान की एक प्रति भेंट की गई। कांग्रेस पार्टी और बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम वाले सम्मानसूचक मफलर पहनाकर सभी का स्वागत किया गया।
‘सड़क से संसद तक लड़ेंगे लड़ाई’ — कांग्रेस नेतृत्व समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर के नेताओं ने इस नए विभाग के मुख्य लक्ष्यों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य देश के संविधान को सुरक्षित रखना और आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना है। नेताओं ने केंद्र और पंजाब की मौजूदा सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि दोनों ही सरकारें जनता के अधिकारों का दमन कर रही हैं। कांग्रेस नेतृत्व ने चेतावनी दी कि पार्टी इन जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ेगी और इन सरकारों को आगामी चुनावों में अपनी गलत नीतियों का भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति इस राज्य स्तरीय समागम को सफल बनाने में पार्टी के कई वरिष्ठ चेहरों ने शिरकत की। इस मौके पर पूर्व जिला प्रधान मक्खन शर्मा और पूर्व ब्लॉक प्रधान महेश कुमार लोटा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने नए पदाधिकारियों को बधाई दी।
