झालावाड़ के असनावर कस्बे में पंचायतीराज चुनाव को लेकर असनावर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक एवं रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती से मैदान में उतारने की रणनीति पर चर्चा करना था। बैठक के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय प्रशिक्षक राजकुमार मीना, कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर और विधायक प्रत्याशी नेमीचंद मीणा थे। ब्लॉक अध्यक्ष फूलसिंह गुर्जर भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष बद्रीलाल पाटीदार ने की, जबकि रमेश पाटीदार ने मंच संचालन किया। सेवादल यूथ जिलाध्यक्ष नईम पठान ने बताया कि जिला महासचिव कमलेश गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी पंचायतीराज चुनाव में संगठन को मजबूत करने और प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस को विजय दिलाने के लिए सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि संगठन एक परिवार है और इसमें गुटबाजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्वीकार किया कि परिवार के सदस्यों के बीच मनमुटाव हो सकता है, लेकिन उसे दूर कर आपसी सहमति और समन्वय स्थापित करना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता कायम करने के लिए हरसंभव प्रयास करने पर जोर दिया। बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनाव में संगठन की भूमिका, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने चुनाव में एकजुट होकर पार्टी को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।