मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में पाली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान शहर में मंगलवार सुबह 10 बजे से रोड शो करेंगे। जिसकी तैयारियों में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हैं। भाजपा मीडिया संयोजक प्रवीण गोलेच्छा ने बताया कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह 10 बजे गर्ल्स कॉलेज में हेलीपैड पर उतरेगा। यहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, सांसद पी.पी. चौधरी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी सहित पार्टी के पदाधिकारी उनका स्वागत करेंगे। यहां से निकलेगा रोड शो इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे सूरजपोल पहुंचेंगे। यहां भाजपा प्रत्याशियों से मुलाकात के बाद रोड शो शुरू होगा। जो सूरजपोल से शुरू होकर सोमनाथ मंदिर पहुंचेगा। यहां मुख्यमंत्री भगवान महादेव के दर्शन करेंगे। इसके बाद रोड शो सर्राफा बाजार, फतेहपुरिया बाजार और पानी दरवाजा होते हुए सिन्धी कॉलोनी पहुंचेगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा तथा पुष्पवर्षा की जाएगी। इसको लेकर सोमवार शाम को ADM डॉ बजरंगसिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासिनक अधिकारियों ने शहर के भीतरी क्षेत्र का राउंउ लिया। सोनमाथ मंदिर सहित आस-पास की व्यवस्था देखी एवं मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।