बालोतरा जिले में कर्ज से परेशान दूदवा उप तहसील के नायब तहसीलदार ने टैंक में कूदकर सुसाइड कर लिया। टैंक के बाहर सुसाइड नोट और चप्पल पड़ा हुआ था। सुबह सामने के क्वार्टर में रहने वाली महिला ANM पानी भरने आई तो टैंक में नायब तहसीलदार का शव दिखा। महिला ने सरपंच को फोन करके बताया। सरपंच की सूचना पर पुलिस पहुंची। परिजनों के आने के बाद शव को टैंक से निकाला। मामला पचपदरा थाना इलाके के दूदवा गांव का मंगलवार का 9:30 बजे का है। नायब तहसीलदार मंगलाराम गुड़ामालानी के रहने वाले थे। एक साल पहले रेवेन्यू इंस्पेक्टर से नायब तहसीलदार बने थे। पहली पोस्टिंग दूदवा उप तहसील में हुई थी। FSL जांच कर रही पचपदरा थानाधिकारी बाबूलाल ने बताया- ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि उप तहसील के नायब तहसीलदार मंगलाराम (54) पुत्र रामाराम का सरकारी क्वार्टर के पास बने टैंक में शव पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एफएसएल और MOB टीमों को बुलाया। अभी तक यह पता नहीं लगा है की टैंक में वह कैसे गिरे। टांके के बाहर नीचे की तरफ उनकी चप्पल पड़ी थी। वहां से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें कर्ज की वजह से सुसाइड करने की बात लिखी है। हालांकि, इसमें कर्ज को लेकर किसी का नाम नहीं लिखा है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम की मांग परिजनों ने कहा- मंगलाराम ने सुसाइड किया है या मर्डर इसके बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है। हमने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है। हमें कमरे की स्थिति देख कर ऐसा लग रहा है कि उन्होंने सुसाइड नहीं किया। यह कोई साजिश है। एक साल पहले हुआ था प्रमोशन
नायब तहसीलदार के बेटे अशोक कुमार ने बताया- पापा पटवार घर के क्वार्टर में अकेले ही रहते थे। जून के लास्ट वीक में घर पर आए थे। घर पर प्रेशर जैसी कोई बात नहीं थी। बेटे ने बताया- 1 साल पहले ही पिता का रेवेन्यू इंस्पेक्टर की पोस्ट से नायब तहसीलदार के पद पर प्रमोशन हुआ था। पहली पोस्टिंग ही दूदवा उप तहसील में हुई थी। हम चार भाई और दो बहन हैं। मैं बीएड करने के बाद रीट की तैयारी कर रहा हूं।