जोधपुर में घर से गायब हुई दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पास से सुरक्षित डिटेन कर लिया। दोनों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले एक आरोपी और एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। थानाधिकारी सोमकरण ने बताया- कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 और 17 वर्षीय दो लड़कियां पड़ोस में रहती हैं। कुछ समय पहले ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान उनका कॉन्टेक्ट उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो लड़कों एक बालिग और एक नाबालिग से हुआ था। धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती में बदल गई। तीन दिन पहले अलसुबह करीब 4 बजे दोनों लड़कियां परिजनों को बिना बताए अचानक घर से लापता हो गई थीं। सुबह जब परिजनों को बेटियां नहीं मिलीं, तो हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत कुड़ी हाउसिंग बोर्ड थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। ट्रेन से अहमदाबाद गई थीं दोनों पुलिस ने बताया- दोनों गायब नाबालिगों के पास मोबाइल फोन नहीं था। मामले की गंभीरता देखते हुए कुड़ी थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सर्विलांस का सहारा लिया। जांच में सामने आया कि दोनों लड़कियां आरोपियों के साथ ट्रेन के जरिए अहमदाबाद की तरफ गई हैं। इस पर रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। जहां एक को रेलवे स्टेशन से ओर दूसरे की करीब चार घंटे बाद डिटेन कर लिया गया।
