हनुमानगढ़ पुलिस ने शनिवार को नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान के तहत दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं। जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2.5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पहली कार्रवाई हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने की। गश्त के दौरान मेगा हाईवे पर चक 1 केडब्ल्यूएम, लखूवाली के पास से आजाद खान (46) निवासी पिपलोन कलां, जिला आगर (मध्यप्रदेश) को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 1 किलो 156 ग्राम हेरोइन और 1 किलो 214 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आजाद खान को एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। पुलिस उसके स्थानीय नेटवर्क की जांच कर रही है। गौरतलब है कि पूर्व में भी मध्यप्रदेश के तस्करों को मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में पकड़ा जा चुका है।
दूसरी कार्रवाई में सदर थाना पुलिस ने 22 एमजेडी माणुका के पास एक कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 59 किलो 690 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इस मामले में कार सवार दो आरोपी अजय कुमार (28) निवासी बनवाला और राजेंद्र कुमार (26) निवासी कालवासिया को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस मादक पदार्थों के स्रोत और उनके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जिले में मादक तस्करों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है, जिसके तहत बड़े सप्लायरों को पकड़ा जा रहा है।