डीडवाना में श्री आदर्श सरस्वती सेवा समिति के तत्वावधान में एक नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर दोजराज गणेश मंदिर रोड स्थित अग्रसेन भवन में शंकरा आई हॉस्पिटल और जिला अंधता निवारण समिति, जयपुर के सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर में कुल 125 मरीजों की आंखों की जांच की गई। समिति के मीडिया प्रभारी लोकेश अग्रवाल ने बताया कि जांच के बाद 59 मरीजों को लेंस प्रत्यारोपण (मोतियाबिंद ऑपरेशन) के लिए चुना गया है। इन चयनित मरीजों का ऑपरेशन सोमवार को जयपुर स्थित शंकरा आई हॉस्पिटल में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. सम्भवी द्वारा किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष नितेश बाजारी ने जानकारी दी कि सभी ऑपरेशन आधुनिक तकनीक से बिना टांके के किए जाएंगे। मरीजों के लिए चश्मा, भोजन और रहने की व्यवस्था भी समिति द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष नितेश बाजारी, मंत्री बनवारी मोट, कमल भारुका, अशोक घोड़ावत, लोकेश अग्रवाल, मुकेश लदनियां, बालमुकुंद बगड़िया, देवकीनंदन गिनोडिया, निखिल मित्तल, प्रशांत नाहर और सुनील बगड़िया सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया।