चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन में हजरत दीवाना शाह उर्स मेले में जाने वाले जायरीनों और यात्रियों के लिए रेलवे ने नई व्यवस्था की है। उर्स के मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए कपासन स्टेशन पर 7 प्रमुख ट्रेनों को 2-2 मिनट का अस्थाई स्टॉपेज दिया गया है। यह व्यवस्था 21 जुलाई से 23 जुलाई तक रहेगी, जिससे यात्रियों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि खजुराहो-उदयपुर सिटी (गाड़ी संख्या 19665) 20 जुलाई से 22 जुलाई तक खजुराहो से रवाना होगी। यह ट्रेन अलसुबह 04:50 बजे कपासन स्टेशन पहुंचेगी और 04:52 बजे आगे रवाना हो जाएगी। वापसी में गाड़ी संख्या 19666 उदयपुर सिटी-खजुराहो एक्सप्रेस 21 जुलाई से 23 जुलाई तक उदयपुर से चलकर रात 23:00 बजे कपासन आएगी और 23:02 बजे आगे बढ़ेगी। मुंबई रूट की गाड़ी संख्या 22901 बांद्रा टर्मिनस-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस 21 जुलाई को बांद्रा से चलेगी और दोपहर 12:38 बजे कपासन पहुंचेगी, जहां से 12:40 बजे रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 22902 उदयपुर सिटी-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 22 जुलाई को उदयपुर से चलकर रात 22:28 बजे कपासन आएगी और 22:30 बजे रवाना होगी। वहीं लंबी दूरी की गाड़ी संख्या 20972 शालीमार-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस 19 जुलाई को शालीमार से रवाना होगी और कपासन स्टेशन पर तड़के 03:40 बजे आकर 03:42 बजे आगे बढ़ेगी। जयपुर और गुजरात रूट के यात्रियों के लिए भी ट्रेनें कपासन स्टेशन पर रुकेंगी। गाड़ी संख्या 12981 जयपुर-असारवा एक्सप्रेस 20 जुलाई से 22 जुलाई तक रात 01:48 बजे कपासन पहुंचेगी और 01:50 बजे छूटेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 12982 असारवा-जयपुर एक्सप्रेस भी 20 जुलाई से 22 जुलाई तक रात को 01:31 बजे कपासन स्टेशन आएगी और 01:33 बजे जयपुर के लिए रवाना होगी। रेलवे के इस फैसले से उर्स मेले में आने-जाने वाले जायरिनों का सफर आसान हो जाएगा।
