उदयपुर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 45.420 किलोग्राम डोडा चूरा सहित एक कार जब्त की है। थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि एएनटीएफ (एंटी नार्कोटिक्स टाक्स फोर्स) की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार जब्त की है। उसमें 3 प्लास्टिक के कट्टों में 45.420 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा भरा था। पुलिस ने बताया कि आशापुरा घाटा माताजी स्थित जिंक कॉलोनी देवारी में संदिग्ध वाहनों की निगरानी की जा रही थी। इस दौरान एक स्विफ्ट कार में दो व्यक्ति बैठे हुए दिखे। ड्राइवर साइड का ग्लास पीछे से टूटा हुआ था। पीछे की सीट का विंडो ग्लास भी टूटा होने से मामला संदिग्ध लग रहा था। टीम ने कार का पीछा किया तो कार चालक तेज गति से भगाते हुए जिंक कॉलोनी की तरफ ले गया। आगे रेलवे लाइन की पटरियां होने से रास्ता नहीं मिला और कार से उतरकर आरोपी गली में भागने लगे। कार की तलाशी ली तो भारी मात्रा में डोडा चूरा बरामद किया गया। मामले में प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश जारी है।
