उदयपुर में आज दिन भर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। पिछले दिनों के मुकाबले आज दिन में गर्म हवा नहीं थी, जिससे राहत मिली। दो दिन पहले बदले मौसम के बीच हुई बारिश की ठंडक का असर आज भी रहा। एक दिन पहले के मुकाबले अधिकतम तापमान में जरूर बढ़ोतरी हुई है। उदयपुर में मौसम के मिजाज में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। आज शहर का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 5 मई के 36.1 से.के मुकाबले 1 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली, आज 19.2 डिग्री रहा, जबकि 5 मई को न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज किया गया था। उदयपुर में बदले मौसम के बीच आज दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है, जबकि रात ठंडी हो गई हैं। उदयपुर सहित पास के जिलों में आने वाले दिनों में तेज हवा और बादल गरजने की संभावना है। इससे पहले आज दिन भर मौसम साफ रहा और शाम को कुछ समय बादलों ने डेरा डाला लेकिन वापस धूप ​निकल गई। आज अपेक्षाकृत दिन में गर्म हवाएं नहीं थी जिससे राहत मिली। मौसम एक्सपर्ट डॉ.आर.एस. देवड़ा ने बताया कि उदयपुर सहित पास के जिलों में आने वाले दिनों तक तेज हवा, बिजली चमकने, बादल छाने और खण्ड वर्षा की संभावना है। आगे मौसम फिर बदलेगा और हल्के बादल छाने से गर्मी फिर से बढ़ेगी।