हनुमानगढ़ में नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर नगर परिषद का घेराव और तालाबंदी की जाएगी। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इन समस्याओं से प्रशासन को पूर्व में भी कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग भभूतासिद्ध कॉलोनी, हीरासिंह कॉलोनी, अंबेडकर कॉलोनी, सहारा कॉलोनी, लोहिया कॉलोनी, पंजाबी मोहल्ला, शोरगर मोहल्ला, बरकत कॉलोनी, बिहारी बस्ती और नई आबादी सहित विभिन्न क्षेत्रों में वर्षों से लंबित पट्टे जारी करने की है। पार्टी का दावा है कि इन क्षेत्रों के हजारों लोग लगभग 15 वर्षों से पट्टों का इंतजार कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, अंबेडकर और भट्टूसिद्ध कॉलोनियों में पहले से जारी पट्टों का नामांतरण करने, टाउन और जंक्शन क्षेत्र की कॉलोनियों का सर्वे करवाकर पट्टे जारी करने, नालियों और सड़कों का निर्माण कराने तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने की मांग भी रखी गई। संगठन सचिव राजवीर माली ने नगर परिषद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, मुख्य नालों की सिल्ट सफाई करवाने और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। धानमंडी बाईपास से भद्रकाली जाने वाले मार्ग पर नाली निर्माण, सीवरेज कार्यों से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित मामलों का निस्तारण करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा लोहिया कॉलोनी के जोहड़ से अतिक्रमण हटाने, दशहरा मैदान को विकसित करने और सेंट्रल पार्क में पार्किंग शुल्क बंद करने की मांग रखी। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। धरने में लीलाधर, ललित कुमार, सुभाष पारीक, सचिन कुमार, विमला मोदी, गोपाल राम आदि शामिल थे।
