बारां पुलिस ने यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और वाहनों में अवैध परिवर्तनों पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत 4 जून से 22 जून तक जिलेभर में 3242 वाहन ड्राइवरों के खिलाफ चालानी और अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 4 जून से 30 जून तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य वाहनों में अवैध परिवर्तन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पंजीयन चिन्ह की दृश्यता प्रभावित करने वाले शब्दों या चिह्नों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान विभिन्न उल्लंघनों पर शिकंजा कसा गया। 36 वाहनों में बॉडी या चेसिस में अवैध परिवर्तन पाए गए। वहीं, 88 वाहन ड्राइवरों पर अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती और एयर हॉर्न के उपयोग के लिए कार्रवाई की गई, जबकि 193 वाहन चालक प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करते मिले। अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वालों के खिलाफ हुई, ऐसे 1859 वाहन ड्राइवरों के चालान किए गए। इसके अतिरिक्त, 639 वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगी मिली और 427 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह या लेखन अंकित पाए गए, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध परिवर्तन न करें और मोटर वाहन अधिनियम तथा यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगामी दिनों में भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
