बाड़मेर जिला कलेक्टर उपखंड इलाके का दौरा करने के साथ एक्शन मोड में नजर आ रही है। कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने गुरुवार को चौहटन पहुंची। वहां बालिका छात्रावास, आईटीआई कॉलेज, संस्कृत स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें अवैध खनन की शिकायत मिली। इसके बाद कलेक्टर वहां से चूली डूंगरी पहाड़ों में टीम के साथ पहुंची। वहां मौके पर टीम बुलाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने अवैध खनन करने पर 2 जेसीबी, 2 ट्रक को जब्त किया है। मंगलवार को गडरारोउ उपखंड का दौरा किया था दरअसल, बाड़मेर जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने मंगलवार को गडरारोड उपखंड का दौरा किया था। कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान अनुपूरक पोषण आहार, टेक-होम राशन, खिलौने, फर्नीचर और अन्य सामग्री से जुड़े स्टॉक रजिस्टर तक उपलब्ध नहीं मिले। बाल विकास परियोजना अधिकारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लाभार्थियों की संख्या, ऑनलाइन-ऑफलाइन रिकॉर्ड और पोषण वितरण की सही जानकारी देने में पूरी तरह नाकाम रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी करने व गडरारोड के बाल विकास परियोजना अधिकारी के विरुद्ध आरोप पत्र देने के निर्देश दिए। हॉस्पिटल की निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण इस दौरान गुरुवार को चौहटन उपखंड इलाके का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। कलेक्टर ने चौहटन में हॉस्पिटल की निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण किया और गुणवत्ता को परखा। इसके बाद बालिका छात्रावास, आईटीआई कॉलेज पहुंची। वहां पर रिकॉर्ड और व्यवस्था को देखा। पानी लीकेज होने पर बिल्डिंग की छत पर जाकर देखा। उसको जल्द ठीक करवाने के निर्देश दिए है। अवैध खनन की शिकायत पर कार्रवाई संस्कृत स्कूल का निरीक्षण करने के दौरान लोगों ने अवैध खनन की शिकायत की। तभी कलेक्टर चिन्मयी गोपाल टीम को लेकर चूली डूंगरी अवैध खनन वाली जगह पर पहुंची। कलेक्टर ने टीम को कहकर वहां पर खडी दो जेसीबी, दो ट्रक को जब्त करने को कहा गया। वहीं माइनिंग विभाग को सूचना दी गई। इस दौरान उनके साथ में चौहटन एसडीएम विकास शर्मा तहसीलदार विरमाराम, धनाऊ तहसीलदार भोमाराम सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
