अमृतसर में एक परिवार की तीन भैंसें चोरी हो गईं। चोरी की यह घटना देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई, जब परिवार सो रहा था। चोर भैंसों को एक गाड़ी में लादकर फरार हो गए। परिवार के पास कुल 10 पशु थे, जिनमें से चोरों ने तीन भैंसें चुराईं। पीड़ित महिला कुलवंत कौर ने बताया कि परिवार ने ये भैंसें डेढ़ महीने पहले ही किश्तों पर खरीदी थीं, जिनका दूध बेचकर घर का गुजारा चलता था। चोरी हुई भैंसों की अनुमानित कीमत 2 लाख, 1.80 लाख और 1.75 लाख रुपए बताई गई है। परिवार का गुजारा इन्हीं पशुओं के दूध पर निर्भर था। भैंसों के चोरी होने से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और किश्तें चुकाना भी मुश्किल हो गया है। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात कुलवंत कौर ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों में एक गाड़ी दिखाई दी है, लेकिन अधिक रोशनी के कारण उसका नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है। मीडिया द्वारा संपर्क किए जाने पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला अभी तक वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में नहीं आया है। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति को कैमरे की जांच करते हुए भी देखा गया है, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और पुलिस से जल्द से जल्द भैंसों को ढूंढकर वापस दिलाने की अपील की है, क्योंकि इन्हीं पशुओं पर उनका गुजारा निर्भर था।
