अमृतसर के शहीदां साहिब के पास करोड़ी चौक इलाके में एक बंद गली में गेट लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि झड़प और हवाई फायरिंग तक की नौबत आ गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह विवाद लगभग 100 साल पुरानी एक बंद दीवार को खोलकर गली की तरफ दरवाजा निकालने को लेकर शुरू हुआ। एक पक्ष के परिवारिक सदस्यों ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने हाल ही में एक मकान खरीदा है और अब वे बंद दीवार तोड़कर साझा रास्ते की ओर गेट निकालना चाहते हैं। पीड़ित पक्ष बोला- उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से इसका विरोध किया और सुझाव दिया कि यदि दरवाजा निकालना है तो उसे निजी हिस्से की ओर निकाला जाए, न कि साझा गली की तरफ। परिवार के अनुसार, कुछ दिन पहले भी दीवार तोड़ने की कोशिश की गई थी, जिसे रोक दिया गया था। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष ने कुछ लोगों और निहंग सिंहों को मौके पर बुलाया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिवार ने दावा किया कि लगभग 14-15 लोग कृपाणों के साथ मौके पर पहुंचे और एक व्यक्ति को घेरने का प्रयास किया। इसी दौरान उस व्यक्ति ने आत्मरक्षा में हवा में फायर कर लोगों को दूर रहने की चेतावनी दी। परिवार ने स्पष्ट किया कि गोली किसी को निशाना बनाकर नहीं चलाई गई और न ही कोई घायल हुआ है। कमलदीप सिंह बोले- विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया वहीं, प्रभावित युवक कमलदीप सिंह ने बताया कि इस मामले को बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता था, लेकिन विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कुछ दिन पहले नगर निगम के अधिकारियों ने भी मौके का दौरा किया था और दीवार न तोड़ने के निर्देश दिए थे। कमलदीप सिंह के अनुसार, बाद में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे तनाव और बढ़ गया। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। मामले की जानकारी देते हुए थाना बी डिवीजन के एसएचओ बलजिंदर सिंह औलख ने बताया कि पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। एसएचओ ने कहा कि जांच के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

You missed