अबोहर के गांव दोदा में आज सुबह एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस घटना स्थल पर लगे कैमरों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, बलदेव कौर (70), पत्नी बंता सिंह, गांव दोदा की निवासी थीं। उनके बेटे मलकीत सिंह ने बताया कि उनकी मां आज सुबह करीब 8 बजे गांव के निकट एक ढाणी में शोक सभा में शामिल होने के लिए पैदल जा रही थीं। जब बलदेव कौर दोदा की डिफेंस रोड पर पहुंचीं, तो एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने पुलिस को दी जानकारी टक्कर इतनी भीषण थी कि वे जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने तुरंत परिवार को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बलदेव कौर को इलाज के लिए अबोहर के अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। थाना बहाववाला पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर बीएनएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके और आगे की कार्रवाई की जा सके।