‘सुरक्षित अजमेर, नशामुक्त अजमेर’ अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 10 किलो 602 ग्राम गांजा और अवैध अंग्रेजी, देशी व हथकड़ शराब जब्त की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया गया। कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई। पहली कार्रवाई
एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि डीएसटी को सूचना मिली कि बोराज गांव में तेजाजी मंदिर के पास एक मकान में अवैध मादक पदार्थ रखा हुआ है। इस पर संयुक्त टीम ने दबिश दी, जहां से प्लास्टिक के कट्टे में 8 किलो 402 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में गंज थाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर एक किशोर को निरुद्ध किया गया। दूसरी कार्रवाई इसी दौरान एक अन्य सूचना पर बोराज निवासी विजय सिंह के मकान पर दबिश दी गई। तलाशी में 2 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ अवैध अंग्रेजी, देशी और हथकड़ शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी विजय सिंह (42) को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट व आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
