जयपुर। सरकारी नौकरी में समय पर दफ्तर पहुंचना और आमजन के काम करना कर्मचारियों की जिम्मेदारी है, लेकिन राजधानी जयपुर के दो प्रमुख विभागों में कार्मिकों की गैरहाजिरी ने सरकारी कामकाज की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। सोमवार को प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग के औचक निरीक्षण में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और स्वास्थ्य विभाग के कार्यालयों में कुल 59 अधिकारी-कर्मचारियों में से 38 अनुपस्थित मिले। हालात ऐसे थे कि सरकारी कार्यालयों में काम कराने पहुंचे लोग संबंधित कार्मिकों का इंतजार करते रहे, लेकिन जिनसे काम होना था, वे दफ्तरों में मिले ही नहीं।